बेतिया , अक्टूबर 11 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग-727 पर रविवार शाम ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार स्नातकोत्तर (पीजी) की छात्रा की मौत हो गयी, जबकि उसका भाई और एक अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना रविवार शाम करीब 6:15 बजे स्टेशन चौक और हरिवाटिका चौक के बीच स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा के समीप हुई। मृत छात्रा की पहचान छावनी निवासी शंभू राम की पुत्री दिव्या भारती (25) के रूप में की गयी है। घायलों में उसका भाई सौरभ कुमार (21) भी शामिल है।
परिजनों के अनुसार, दिव्या मुजफ्फरपुर में स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा देने अपने भाई के साथ बाइक से गयी थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेंट्रल बैंक की शाखा के समीप सामने से आ रही एक अन्य बाइक को साइड देने के क्रम में उनकी बाइक असंतुलित हो गयी। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में दिव्या की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि उसका भाई और दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस और त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दिव्या को मृत घोषित कर दिया।
दूसरे घायल को उसके परिजन इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित