जालौन , सितंबर 25 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बेतवा नदी के किनारे बसे डकोर विकासखंड के सैदनगर ग्राम पंचायत और नुनवई गांव में हर घर नल योजना ग्रामीणों के लिए खारे पानी की वर्षों पुरानी समस्या से राहत का जरिया बनी है। कभी पीने के मीठे पानी के लिए ग्रामीणों को घंटों इंतजार कर बेतवा नदी तक जाना पड़ता था, लेकिन अब घरों में नल से पानी मिलने से उनकी दिनचर्या में बदलाव आया है।

सैदनगर ग्राम पंचायत के प्रधान सीताराम पाल के अनुसार गांव की आबादी करीब 5,800 है और लगभग 990 नल कनेक्शन दिए गए हैं। गांव के एक हिस्से में पानी इतना खारा था कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए हैंडपंपों पर कतार लगानी पड़ती थी और कई परिवारों को मीठे पानी के लिए दूर तक जाना पड़ता था।

ग्रामीण महिलाओं रीना और सुनीता ने बताया कि पहले पानी भरने में रोजाना कई घंटे लग जाते थे। हैंडपंप पर अपनी बारी का इंतजार करने और पानी घर तक ढोकर लाने में काफी समय निकल जाता था। घरों में नल कनेक्शन पहुंचने के बाद इस परेशानी में कमी आई है। उनका कहना है कि बचा समय अब परिवार और अन्य जरूरी कामों में लगाया जा रहा है तथा बेटियों को पढ़ाई के लिए भी अतिरिक्त समय मिल रहा है।

डकोर क्षेत्र के नुनवई गांव में भी ग्रामीण लंबे समय से खारे पानी की समस्या से जूझ रहे थे। गांव में 500 से अधिक आबादी और करीब 97 परिवार होने की जानकारी दी गई है। हैंडपंप और कुओं का पानी खारा होने के कारण ग्रामीणों को पीने के लिए बेतवा नदी से पानी लाना पड़ता था, जबकि अन्य घरेलू कामों में खारे पानी का इस्तेमाल करना पड़ता था।

ग्रामीण महिलाओं मीरा और नीलम के मुताबिक पहले नदी से पानी लाने में घंटों लग जाते थे और पानी ढोने से शारीरिक परेशानी भी होती थी। पानी भरने में लगने वाले समय के कारण लड़कियों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। अब घर में नल से पानी मिलने के बाद इन परेशानियों में कमी आई है।

नुनवई के प्रधान सीताराम पाल के अनुसार गांव में करीब 500 की आबादी और लगभग 80 परिवार हैं। नमामि गंगे योजना के तहत यहां 75 कनेक्शन लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआत में ग्रामीणों को खारे पानी वाले गांव में मीठा पानी मिलने को लेकर आशंका थी, लेकिन पानी की टंकी बनने के बाद घरों तक पानी पहुंचने लगा है।

जल निगम के अधिशासी अभियंता अंचल कुमार गुप्ता ने बताया कि खारे पानी की समस्या को देखते हुए गांव में कार्य को प्राथमिकता दी गई। योजना के तहत टेप कनेक्शन के माध्यम से घरों तक पानी पहुंचाने का काम किया गया है।

अपर जिलाधिकारी एवं नमामि गंगे अधिकारी प्रेमचंद मौर्य ने बताया कि जालौन में हर घर जल योजना का कार्य चल रहा है। जिन ग्राम पंचायतों में अभी काम शेष है, वहां संबंधित कंपनियों को पर्याप्त मैनपावर लगाकर जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित