रांची , जून 29 -- झारखंड के लातेहार जिले में स्थित बेतला नेशनल पार्क 1 जुलाई से 30 सितंबर तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।

यह निर्णय नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (एनटीसीए) के निर्देशानुसार वन्यजीवों के प्रजनन काल को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इस दौरान पार्क में पर्यटकों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी, ताकि वन्यजीवों का प्राकृतिक आवागमन और प्रजनन प्रभावित न हो।

बेतला नेशनल पार्क में बाघ, तेंदुआ, जंगली हाथी, भैंसा, हिरण, बंदर सहित कई दुर्लभ वन्यजीव पाए जाते हैं। हाल के दिनों में ट्रैप कैमरों में चार बाघों की मौजूदगी भी दर्ज की गई है। पार्क बंद रहने के दौरान वन विभाग सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाएगा तथा वॉच टावरों को भी सक्रिय रखा जाएगा।

हालांकि पार्क में प्रवेश बंद रहेगा, लेकिन वन विभाग के रेस्ट हाउस और कैंटीन खुले रहेंगे। पर्यटक इस अवधि में पलामू किला, केचकी संगम और मिरचईया जलप्रपात सहित आसपास के अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।

बेतला रेंज के रेंजर उमेश कुमार दुबे ने बताया कि पार्क बंद रखने के उच्चाधिकारियों के आदेश का हर हाल में कड़ाई से पालन कराया जाएगा। पार्क बंद होने के बाद जंगली जानवरों की सुरक्षा और उनकी गतिविधियों पर वन विभाग की निगरानी को पहले से कई गुना अधिक बढ़ा दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित