जयपुर , जुलाई 21 -- राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कांग्रेस के प्रदर्शन को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कहा है कि देश और प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास तथा युवाओं के लिए खुल रहे नए अवसरों से कांग्रेस बौखला गई है।

श्री बेढ़म ने मंगलवार रात अपने बयान में यह बात कही। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि कांग्रेस के नेताओं ने एक बार फिर राजनीतिक नौटंकी कर देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को तुष्टिकरण और भ्रामक राजनीति छोड़कर जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हाल में युवाओं के प्रदर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने संवाद कर उनकी बात सुनी और मुद्दों के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल की। इसके बावजूद लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केवल राजनीतिक लाभ लेने के युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास किया। इसी रणनीति के तहत पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी राजनीति के लिए ही प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने शासनकाल की याद करनी चाहिए, जब बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ, लेकिन तत्कालीन सरकार ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसके विपरीत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हमारी सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से युवाओं को नियुक्तियां दी हैं।

श्री बेढ़म ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आर्थिक प्रगति और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं वहीं राजस्थान में भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास और सुशासन को नई गति मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित