हरदोई , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक किशोर ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बेटे को मृत अवस्था में देखकर सदमे में आई मां ने मकान की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के पिहानी चुंगी निवासी एवं प्रॉपर्टी कारोबारी रामप्रकाश गुप्ता के पुत्र हिमांशु (16) ने मंगलवार शाम घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब उसकी मां गीता (46) ने बेटे को फंदे से लटका देखा तो वह गहरे सदमे में आ गईं और मकान की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। परिजन एवं आसपास के लोगों ने दोनों को गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि लगभग दो वर्ष पूर्व इसी परिवार के बड़े पुत्र प्रिंस की भी घर के अंदर गोली लगने से मृत्यु हो गई थी। लगातार दूसरी पारिवारिक त्रासदी से परिजन और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित