पौड़ी , मई 27 -- उत्तराखंड के पौड़ी जिले में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बाल शिक्षा को प्रोत्साहित करने और बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से विकासखंड थलीसैंण के आंगनबाड़ी केंद्र कुणेथ में पौशाक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बुधवार को आंगनबाड़ी केंद्र कुणेथ के 36 बच्चों को पौशाक वितरित की गई। इस अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया गया तथा केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को बेहतर प्रारंभिक शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मरम्मत के बाद संचालित किए जा रहे अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों-गंगाऊ, पफड़ियाणा, नलई, बंगाली एवं रौखड़ा-में अध्ययनरत स्कूल पूर्व शिक्षा प्राप्त कर रहे पांच बच्चों को भी पौशाक उपलब्ध कराई गई।

उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत जनपद में समय-समय पर कन्या जन्मोत्सव, "अफसर बिटिया", "लंच विद एसडीएम", करियर काउंसलिंग कार्यक्रम और मेधावी छात्राओं के सम्मान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, जिनका उद्देश्य बालिकाओं के सर्वांगीण विकास और शिक्षा को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री गीता, सहायिका दीपा सहित संबंधित विभागीय कार्मिक मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित