लखनऊ , अक्टूबर 29 -- बेटियों के प्रति प्रेम, समर्पण और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के उद्देश्य से बेटियां उत्थान फाउंडेशन की ओर से 31 अक्टूबर को पहली बार 'बेटी व्रत' का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पिता अपनी पुत्रियों के सुख, समृद्धि, कल्याण और सर्वांगीण उत्थान की कामना के साथ एक दिवसीय उपवास रखेंगे।

फाउंडेशन के अनुसार, कार्यक्रम शनिवार को शाम चार बजे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में आयोजित होगा।आयोजन के निर्धारित विधान के अनुसार, पिता षष्ठी तिथि पर सूर्योदय से सूर्यास्त तक अपनी पुत्रियों के मंगल और कल्याण की कामना करते हुए उपवास रखेंगे। व्रत समापन की प्रक्रिया शाम पांच बजे से पांच बजकर 15 मिनट के बीच संपन्न होगी।

फाउंडेशन का कहना है कि 'बेटी व्रत' का उद्देश्य पिता और बेटी के भावनात्मक रिश्ते को सम्मान देना तथा समाज में बेटियों के प्रति स्नेह, सम्मान, सुरक्षा और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है। यह पहल बेटियों के महत्व को रेखांकित करने के साथ उनके बेहतर भविष्य के लिए परिवार और समाज की सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने का प्रयास है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित