नयी दिल्ली , अगस्त 14 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बेटियों को भारत के विकास का मजबूत आधार बताते हुए कहा है कि शिक्षा से लेकर कृषि, रक्षा, खेल तथा उद्यमिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश की प्रगति और सशक्तीकरण की तस्वीर पेश कर रही है।
श्रीमती मुर्मु ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को राष्ट्र के नाम अपने संदेश में कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेटियां प्रभावशाली प्रदर्शन कर रही हैं। कृषि उत्पादकता बढ़ाने में योगदान देने वाली ड्रोन दीदी से लेकर वायु सेना में फाइटर कॉम्बैट लीडर बनने तक महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में ग्लासगो में सम्पन्न राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने कुल 13 स्वर्ण पदक जीते, जिनमें आठ स्वर्ण पदक बेटियों ने हासिल किए। महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता भी बढ़ रही है। स्वयं सहायता समूहों में 10 करोड़ से अधिक महिलाएं सदस्य हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है और अब देश तीन करोड़ महिलाओं को नई लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। मुद्रा योजना के तहत सहायता प्राप्त करने वाले उद्यमियों में करीब दो-तिहाई महिलाएं हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित