पलवल , मई 24 -- हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और अपनी मेहनत, लगन और क्षमता के बल पर नयी ऊंचाइयों को छू रही हैं।
वर्तमान समय में बेटियां केवल शिक्षा, विज्ञान और प्रशासन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेल जगत में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल बेटियों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
रविवार को पलवल में कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से 14 से 18 वर्ष की लड़कियों की मैराथन को हरी झंडी दिखाने के बाद खेल राज्य मंत्री ने ये बातें कहीं। इस मैराथन में जिले के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं और अन्य लड़कियों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया।
श्री गौतम ने कहा कि खेल व्यक्ति को अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष की प्रेरणा देते हैं। खेलों से युवाओं में मानसिक और शारीरिक विकास के साथ सकारात्मक सोच का भी निर्माण होता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मोबाइल फोन और अन्य अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाकर खेल गतिविधियों में सक्रिय भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और मजबूत मन के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवा पीढ़ी को इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों का उत्साह देखकर गर्व होता है। नियमित दौड़ और व्यायाम शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे अच्छा माध्यम है। उन्होंने युवाओं से खेल और फिटनेस को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने को कहा। यदि शरीर स्वस्थ रहेगा तो परिवार, समाज और राष्ट्र भी स्वस्थ रहेगा।
उन्होंने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां भारतीय संस्कृति और संस्कारों को आगे बढ़ा रही हैं। छात्र-छात्राओं से जीवन में आगे बढ़कर हरियाणा और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित