पटना , अगस्त 12 -- बिहार के बेगूसराय शहर में बढ़ती बिजली की मांग और लगातार हो रहे औद्योगिक एवं आवासीय विस्तार को देखते हुए राज्य सरकार ने शहर के निकट नए पावर ग्रिड की स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में पहल तेज कर दी है। गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार के आग्रह पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने पावर ग्रिड के निर्माण के लिए शीघ्र उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री से उनके कार्यालय कक्ष में पत्र सौंपते हुए कहा कि बेगूसराय जिला मुख्यालय और शहरी क्षेत्र वर्तमान में तेजी से औद्योगिक एवं आवासीय विस्तार के दौर से गुजर रहा है। इसके चलते शहर में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में बेगूसराय शहर के लिए स्थानीय स्तर पर कोई समर्पित पावर ग्रिड उपलब्ध नहीं है।उन्होंने बताया कि शहर की विद्युत आपूर्ति दूर स्थित तेघड़ा, बलिया एवं बरौनी पावर ग्रिडों पर निर्भर है। लंबी संचरण लाइनों के कारण तकनीकी फॉल्ट, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज जैसी समस्याएं बनी रहती हैं, जिससे शहरी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित होती है।

मंत्री संजय कुमार ने बेगूसराय शहर की बड़ी आबादी, बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों और औद्योगिक जरूरतों को देखते हुए शहर के निकट नए पावर ग्रिड के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया था।

मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के स्तर से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है, जिससे पावर ग्रिड निर्माण की प्रक्रिया में भूमि की कमी बाधा न बने।

मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि बेगूसराय जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरी एवं औद्योगिक क्षेत्र में मजबूत विद्युत आधारभूत संरचना समय की आवश्यकता है। सरकार विकास कार्यों के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर गंभीर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित