रायसेन , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले की बेगमगंज तहसील में भगवान जगन्नाथ स्वामी की भव्य एवं श्रद्धापूर्ण रथयात्रा निकाली गई। जिले की एकमात्र जगन्नाथ रथयात्रा होने के कारण इसका विशेष महत्व रहा। यात्रा में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

रथयात्रा माला फाटक स्थित जगदीश मंदिर से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। इस दौरान क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। विधायक देवेंद्र पटेल ने भगवान की प्रतिमा को सिर पर धारण कर नगर भ्रमण कराया, जिसे श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ देखा।

यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई दशहरा मैदान पहुंची, जहां भगवान का रात्रि विश्राम होगा। दूसरे दिन रथयात्रा पुनः नगर भ्रमण करते हुए जगदीश मंदिर पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह स्वागत कर प्रसाद का वितरण किया।

इस अवसर पर विधायक देवेंद्र पटेल ने घोषणा की कि वर्तमान में भगवान जगन्नाथ की यात्रा एक रथ में निकाली जाती है, लेकिन अगले वर्ष से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के लिए तीन अलग-अलग रथ निकाले जाएंगे। इसके लिए दो नए रथों का निर्माण कराया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं ने रथयात्रा में शामिल होकर क्षेत्र की खुशहाली, समृद्धि और सुख-शांति की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित