अमृतसर , अगस्त 07 -- श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा 'जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026' से जुड़े मुद्दों पर पंजाब सरकार के साथ विचार-विमर्श के लिए गठित विशेषज्ञ पैनल ने शुक्रवार को कहा कि प्रस्तावित कानून पर आगे किसी भी बातचीत से पहले पंजाब सरकार को 29 जून, 2026 के श्री अकाल तख्त साहिब के आदेश पर अपनी अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करनी चाहिए।
विशेषज्ञ पैनल की पहली बैठक गत दिवस हुई। पैनल में न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रूपिंदर सिंह सोढ़ी, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) मोहिंदर मोहन सिंह बेदी, वरिष्ठ अधिवक्ता पूरन सिंह हुंदल, सिख विद्वान डॉ. केहर सिंह और प्रो. जगमोहन सिंह शामिल हैं।
पैनल ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज द्वारा स्पष्ट रूप से उठाई गई मूल आपत्तियों का पंजाब सरकार की 29 जुलाई की प्रतिक्रिया में समाधान नहीं किया गया है। विशेष रूप से प्रस्तावित कानून के उन प्रावधानों पर आपत्ति जतायी गयी है, जिनसे सिख धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप की आशंका है।
पैनल के अनुसार, श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा सरकार को दिये गये एक महीने के समय की अवधि समाप्त होने से ठीक एक दिन पहले प्राप्त पंजाब सरकार की प्रतिक्रिया तथ्यों को उलझाने और मूल मुद्दे से बचने का प्रयास प्रतीत होती है। पैनल ने कहा कि खालसा पंथ की चिंताओं से पंजाब विधानसभा के स्पीकर तथा पंजाब मंत्रिमंडल के सदस्यों को 31 जुलाई, 2026 को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जा चुका है।
बैठक में कहा गया कि बेअदबी जैसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दे के समाधान की दिशा में पंजाब सरकार का अब तक का रवैया रचनात्मक नहीं रहा है। पैनल ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से पर्याप्त समय दिये जाने के बावजूद पंजाब सरकार ने अभी तक पूरे मामले पर विचार-विमर्श के लिए अपना पैनल गठित नहीं किया है।
विशेषज्ञ पैनल ने स्पष्ट किया कि आगे की बातचीत से पहले सरकार को 29 जून के श्री अकाल तख्त साहिब के आदेश पर की गयी कार्रवाई की अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। इसके बाद ही प्रस्तावित कानून से जुड़े मुद्दों पर आगे विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक का समन्वय एसजीपीसी सब-ऑफिस, चंडीगढ़ के अतिरिक्त सचिव लखवीर सिंह ने किया। श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय के मीडिया सलाहकार जसकरण सिंह भी विचार-विमर्श में शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित