बेंगलुरु , मई 17 -- कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के परिवार के खिलाफ नये और विस्फोटक आरोप लगाये हैं। उन्होंने दावा किया है कि इस परिवार की संपत्ति मुख्य रूप से बेंगलुरु और उसके आसपास रियल एस्टेट के कारोबार से बनी है।

श्री शिवकुमार ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि श्री कुमारस्वामी के परिवार से जुड़ी संपत्तियों को शहर के प्रमुख ग्रोथ कॉरिडोरों को बहुत कम दामों पर खरीदा गया था। विशेष रूप से इन्हें पेरिफेरल रिंग रोड (पीआरआर) क्षेत्र के आसपास खरीदा गया, जो बेंगलुरु के सबसे संवेदनशील और उच्च मूल्य वाले बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में से एक है।

उन्होंने दावा किया कि जमीन की कीमतों में तेजी से हुई बढ़ोतरी ने इन पुरानी खरीदारियों को कई करोड़ रुपये की संपत्तियों में बदल दिया है। इससे इन लेन-देन की प्रकृति और समय पर सवाल खड़े होते हैं।

श्री शिवकुमार ने कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) के बीच पहले से ही जारी तीखी राजनीतिक जंग को और तेज करते हुए आरोप लगाया, "कुमारस्वामी के परिवार ने रियल एस्टेट के जरिये अकूत संपत्ति इकट्ठा की है। कई मामलों में उन संवेदनशील इलाकों में संपत्तियों की रजिस्ट्री करायी गयी, जहां अब जमीन की कीमत कई गुना बढ़ चुकी है।"बेंगलुरु के विस्तार के लिए लंबे समय से भविष्य का विकास इंजन माने जाने वाला पीआरआर कॉरिडोर, भूमि अधिग्रहण, मुआवजे और बड़े पैमाने पर निजी स्वामित्व को लेकर हुए बार-बार के विवादों के कारण राजनीतिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र बन गया है। श्री शिवकुमार का यह बयान सीधे तौर पर इस विकास के केंद्र को संपत्ति जुटाने में राजनीतिक प्रभाव के इस्तेमाल के आरोपों से जोड़ता है।

यह हमला कर्नाटक में बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच हुआ है, जहां जमीन, शहरी विकास और संपत्तियों का नियमितीकरण शासन और विपक्ष की राजनीति के केंद्रीय मुद्दे बन गये हैं। बेंगलुरु के रियल एस्टेट बाजार में आयी भारी तेजी के साथ, जमीन का मालिकाना हक राज्य के राजनीतिक विमर्श में लगातार टकराव का एक मुख्य कारण बनता जा रहा है।

श्री शिवकुमार ने राज्य सरकार की ओर से जारी भूमि सुधारों और पारदर्शिता के कदमों का बचाव करते हुए कहा कि प्रशासन बेंगलुरु की जटिल संपत्ति रिकॉर्ड प्रणाली को सुव्यवस्थित करने और भूमि दस्तावेजों में अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए काम कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित