दंतेवाड़ा , सितम्बर 04 -- छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिले के दुर्गम ग्राम बेंगपाल में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर 106 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार बैलाडीला के अंतिम छोर पर स्थित बेंगपाल में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सीमित होने के कारण सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेक के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य अमले ने दुर्गम रास्तों से करीब आठ किलोमीटर की दूरी पैदल तय की।
गांव में स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा नहीं होने के कारण पेड़ की छांव में शिविर लगाया गया। शिविर में 106 ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। सभी ग्रामीणों की मलेरिया जांच की गई, जबकि 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के रक्तचाप और मधुमेह की जांच की गई।
शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं का पंजीयन और बच्चों का टीकाकरण भी किया गया। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों की पहचान कर उन्हें ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई।
स्वास्थ्य जांच के साथ ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी की गई। पात्र ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए संबंधित स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य दुर्गम और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों तक जांच, उपचार और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित