भरतपुर , मई 15 -- धार्मिक दृष्टि के मद्देनजर अधिक मास में लाखों श्रद्धालुओं की बृज 84 कोस परिक्रमा के दौरान राजस्थान में डीग जिले के परिक्रमा मार्ग में व्यवस्थाओं को चाकचौबंद करने के जिला प्रशासन के आदेशों को दरकिनार करके बरती गई लापरवाही को सुधारने के लिए अब जिला प्रशासन धरातल पर सतर्क नजर आ रहा है।
जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने शुक्रवार को पूर्ण परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण करने के बाद परिक्रमा मार्ग में अव्यवस्थाओं के दृष्टिगत बीडीओ कामां को 17 सीसी नोटिस देने का आदेश दिया। इसके साथ ही केदारनाथ एवं भोजनथाली में व्यवस्थाएं सुधारने के लिए चेतावनी देते हुए स्थानीय प्रशासन को दो दिन का समय दिया है।
निरीक्षण के दौरान टांकोली ग्राम पंचायत में कचरे का ढेर मिलने पर जिला कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सफाई सुनिश्चित करने एवं परिक्रमा मार्ग के प्रमुख केंद्रों यथा आदिबद्री, केदारनाथ, जल महल और भोजनथाली में सफाई व्यवस्था के लिये विकास अधिकारियों को स्वायत्त शासन विभाग के साथ समन्वय करके कार्य करने के निर्देश दिए ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित