पंचकूला , अगस्त 01 -- हरियाणा के नूंह में आगामी 3 अगस्त को प्रस्तावित बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में जिले के मौलवियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन, जिला प्रशासन तथा पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त अखिल पिलानी ने सभी मौलवियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा धार्मिक आस्था से जुड़ा आयोजन है और इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि पुलिस और जिला प्रशासन यात्रा को पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं। उन्होंने मौलवियों से अपने क्षेत्रों में लोगों को कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी असामाजिक गतिविधि से दूर रहने का संदेश देने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यात्रा के दौरान जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सभी समुदायों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
बैठक में मौजूद सभी मौलवियों ने जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं भाईचारे का संदेश पहुंचाने की बात कही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित