हमीरपुर , मई 25 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मंगलवार 26 मई को हमीरपुर जिले के राठ कस्बे में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग समारोह में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है।

प्रोटोकॉल के अनुसार उपमुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मंगलवार दोपहर 12:50 बजे बीएनबी डिग्री कॉलेज मैदान, राठ स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। वहां से वह सड़क मार्ग द्वारा नारायण गार्डन पहुंचेंगे, जहां आयोजित प्रशिक्षण वर्ग समारोह में भाग लेने के साथ कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उपमुख्यमंत्री दोपहर 2:35 बजे हेलीकॉप्टर से औरैया के लिए रवाना होंगे।

उपमुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सोमवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने हेलीपैड स्थल एवं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, तहसीलदार दिलीप, क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी अनूप सिंह तथा इंस्पेक्टर उमेश यादव ने सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और वीआईपी मूवमेंट से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

अधिकारियों ने हेलीपैड की सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं और आम लोगों की सुविधा के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित