बहराइच , अगस्त 3 -- दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा पूर्व भाजपा सांसद एवं भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के मामले में बरी किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के पयागपुर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी का इजहार करते हुए मिठाइयां बांटी और आतिशबाजी की। न्यायालय के फैसले की जानकारी मिलते ही पयागपुर कस्बे के बस स्टैंड चौराहा, कोट बाजार, भूपगंज बाजार समेत विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक एकत्र हुए। इस दौरान एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया तथा आतिशबाजी कर न्यायालय के निर्णय का स्वागत किया गया।

कमलेश सिंह प्राचार्य महाराजा बलभद्र सिंह महाविद्यालय ने फैसले को न्यायपालिका की निष्पक्षता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्हें न्यायालय की प्रक्रिया पर पूरा विश्वास था। उन्होंने कहा कि अदालत के निर्णय से न्याय व्यवस्था के प्रति उनका भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा कायम रही है।

इस अवसर पर अनिरुद्ध शर्मा, कपीश शर्मा, उमाशंकर तिवारी, कपीश सिंह, योगेंद्र सिंह और छोटू तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने शांतिपूर्ण ढंग से खुशी व्यक्त करते हुए एक-दूसरे को बधाई दी। जश्न के दौरान क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में फैसले को लेकर लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना रहा। समर्थकों ने इसे न्यायालय का निर्णय बताते हुए उसका स्वागत किया और उत्साहपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम संपन्न किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित