प्रयागराज , जुलाई 20 -- उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' की अध्यक्षता में सोमवार को मुट्ठीगंज स्थित होटल गेटवे त्रिवेणी में शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों, सेक्टर संयोजकों एवं शक्ति केंद्र संयोजकों की सांगठनिक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में 22 जुलाई को प्रस्तावित विधानसभा बूथ सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उसकी सफलता के लिए विस्तृत रणनीति बनाई गई। बैठक में बूथ सम्मेलन की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन को सफल, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन के निर्देशों के अनुरूप पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री नन्दी ने कहा कि सशक्त बूथ ही सशक्त संगठन की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही प्रभावी बनेगा और राष्ट्र सेवा तथा जनसेवा का संकल्प उतनी ही मजबूती के साथ पूरा किया जा सकेगा।

उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों और सेक्टर संयोजकों से आग्रह किया कि डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम के तहत सभी बूथ अध्यक्षों की प्रशिक्षण प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी कराई जाए तथा प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि संगठनात्मक दक्षता और तकनीकी क्षमता दोनों में वृद्धि हो सके।

बैठक में भाजपा महानगर जिला मंत्री एवं विधानसभा बूथ सम्मेलन संयोजक दीप द्विवेदी, मुट्ठीगंज मंडल अध्यक्ष परमानंद वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष किशोरी लाल जायसवाल, चौक मंडल अध्यक्ष सुमित वैश्य, नैनी मंडल अध्यक्ष रजत दुबे, मीरापुर मंडल अध्यक्ष गया प्रसाद निषाद, कीडगंज मंडल अध्यक्ष कबीर जायसवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं नामित पार्षद दिलीप केसरवानी, मनोज गुप्ता सहित विभिन्न शक्ति केंद्रों के संयोजक एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित