मुंबई , सितंबर 02 -- ाष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता अभिनेत्री अंजलि पाटिल की तमिल फिल्म 'सेल्वी' का ट्रेलर 31वें बुसान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव ने रिलीज कर दिया है। अंजलि पाटिल निर्मित और अभिनीत यह फिल्म महोत्सव के प्रतिष्ठित 'विजन-एशिया' खंड के लिए चुनी गई है। इस खंड में शामिल दो भारतीय फिल्मों में 'सेल्वी' भी एक है।

डेब्यू निर्देशक सैलेश रत्नकुमार की 'सेल्वी' एक प्रवासी घरेलू देखभाल कर्मी की कहानी है। फिल्म में उसके रोजमर्रा के जीवन, काम की चुनौतियों और उन लोगों के साथ उसके संबंधों को केंद्र में रखा गया है, जिनकी वह देखभाल करती है।

फिल्म प्रवासन, महिला मित्रता, देखभाल, श्रम, सम्मान और अस्तित्व जैसे मुद्दों को भारतीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है। कहानी आगे बढ़ने के साथ मुख्य किरदार सेल्वी के जीवन की जटिल परिस्थितियां और उसके कठिन फैसले सामने आते हैं।

फिल्म की रचनात्मक टीम में नौ बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुके ए. श्रीकर प्रसाद संपादक के रूप में जुड़े हैं। भार्गव श्रीधर ने फिल्म का सह-लेखन करने के साथ छायांकन भी किया है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता ध्वनि डिजाइनर आनंद कृष्णमूर्ति ने फिल्म का ध्वनि संयोजन किया है, जबकि सुरेन विखाश ने संगीत दिया है।

फिल्म में अंजलि पाटिल के साथ विनोद किशन, स्वाति कृष्णन, राजा कृष्णमूर्ति, अर्चना पद्मिनी और मेखा राजन प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

अंजलि पाटिल ने कहा कि प्रवासन और देखभाल ऐसे विषय हैं, जिनसे दुनिया के अलग-अलग हिस्सों के लोग जुड़े हुए हैं। 'सेल्वी' के माध्यम से इन वैश्विक मुद्दों को भारतीय नजरिए और अनुभवों के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।

निर्देशक सैलेश रत्नकुमार ने कहा कि एक नवोदित फिल्मकार के लिए बुसान जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर फिल्म के ट्रेलर का जारी होना बेहद सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी की शुरुआत महामारी के दौरान उन घरेलू देखभाल कर्मियों को देखने से हुई, जो अपने परिवारों को पीछे छोड़कर दूसरे लोगों की देखभाल करते हैं।

'सेल्वी' का सह-निर्माण रेड सी अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की पहल रेड सी फंड ने किया है। फिल्म को हांगकांग एशिया फिल्म वित्तपोषण का भी सहयोग मिला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित