बुलढाणा , अगस्त 05 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत आठ अगस्त को महाराष्ट्र के बुलढाणा ज़िले में पारधी समुदाय के बच्चों के लिए बने एक आश्रम स्कूल में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार खेल परिसर एवं सभागार का उद्घाटन करेंगे।
खामगांव के सूर्योदय पारधी समाज आदिवासी आश्रम विद्यालय में ये सुविधाएं विकसित की गयी हैं। इस विद्यालय का संचालन इंदौर स्थित श्री सद्गुरु दत्त धार्मिक और चैरिटेबल ट्रस्ट करता है। ट्रस्ट पिछले 11 वर्षों से इस संस्थान का संचालन कर रहा है।
ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. आयुषी देशमुख ने पत्रकारों से कहा कि श्री भागवत ने 2018 में इस परियोजना की आधारशिला रखी थी और अब वह बनकर तैयार खेल परिसर एवं सभागार को औपचारिक रूप से छात्रों को समर्पित करेंगे। लगभग दो करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार इस नयी अवसंरचना से पारधी समुदाय और अन्य वंचित वर्गों के करीब 4,000 छात्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
ट्रस्ट के अनुसार स्कूल न केवल इन बच्चों को शिक्षा देता है बल्कि उनके खेल कौशल को भी प्रोत्साहित एवं विकसित करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित