लखनऊ , जून 23 -- आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुये कहा कि बुलडोजर चलाने वाली सरकार के पास आग बुझाने के इंतजाम नहीं है।

उन्होंने केजीएमयू पहुंचकर घायल लवप्रीत से मुलाकात की और जयंत का हाल जाना। संजय सिंह ने सवाल उठाया कि जिस बिल्डिंग में आग लगी उसको गिराने का आदेश 2016 में हुआ था। "क्या उसमें आग से बचने का इंतज़ाम नहीं था। क्या बिल्डिंग जर्जर थी। किसके कहने पर आदेश वापस हुआ। दमकल की गाड़ियाँ देर से क्यों पहुँची।"आप सांसद ने कहा कि 15 लोगों की जान चली गई, फिर एसआईटी का झुनझुना पकड़ा दिया गया। गर्मी के दिनों में ऐसी अग्निकांड की घटना बढ़ जाती हैं, लेकिन बुलडोज़र चलाने वाली योगी सरकार के पास आग बुझाने का इंतज़ाम नहीं है।

संजय सिंह ने मांग की कि मामले की गंभीरता से जांच हो और दोषियों को जेल भेजा जाए। मुआवजे के नाम पर मृतकों के साथ मज़ाक़ न किया जाए। उन्होंने बताया कि केजीएमयू में घायल लवप्रीत से मिले, जिसने कूदकर अपनी जान बचाई और पैर में चोट है, जबकि जयंत आईसीयू में भर्ती है।

ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और परिवार को दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही से 15 घरों के चिराग बुझ गए। गौरतलब है कि सोमवार को अलीगंज के सेक्टर-डी स्थित कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 बच्चों की मौत हुई थी। मुख्यमंत्री ने आईएएस अमृत अभिजात और एडीजी प्रवीण कुमार की एसआईटी गठित की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित