बुलंदशहर , जून 18 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को रुपये के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद में एक युवक ने अपने चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम क्वार्सी निवासी रामकरण ने अपने चाचा बृजमोहन से बड़ी धनराशि उधार ली थी। बताया जा रहा है कि करीब 55 लाख रुपये के भुगतान को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मुद्दे पर अक्सर दोनों पक्षों में कहासुनी और झगड़ा होता रहता था।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंतरिक्ष कुमार जैन ने बताया कि गुरुवार सुबह लगभग नौ बजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि रामकरण ने अपने चाचा बृजमोहन पर गोली चला दी। गोली लगने से 50 वर्षीय बृजमोहन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित