बुलंदशहर , मई 4 -- बुलंदशहर जिले के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में पहासू-शिकारपुर मार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र हादसे का शिकार हो गए, जिसमें चार वर्षीय बालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव उटरावाली के पास स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में चार वर्षीय शांतनु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता बंटी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बालक के शव को सड़क पर रखकर पहासू-शिकारपुर मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। पुलिस द्वारा फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित