बुलंदशहर , जून 09 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में भगवानपुर गंगा घाट पर सोशल मीडिया के लिए रील बनाते समय दो युवक गंगा नदी की तेज धारा में बह गए। घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार अजेय ने बताया कि अमरोहा जनपद की हसनपुर तहसील के मिल्क गांव निवासी यशपाल सिंह और मनोज मंगलवार अपराह्न सियाना तहसील क्षेत्र स्थित भगवानपुर गंगा घाट पर स्नान करने आए थे। स्नान के दौरान दोनों युवक सोशल मीडिया के लिए रील बनाने लगे। इसी दौरान वे गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गए और देखते ही देखते बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दोनों युवकों की तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा पीएसी के जवानों और स्थानीय गोताखोरों को भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार बचाव अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है। नरसैना थाना प्रभारी तथा बुगरासी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या भगवानपुर गंगा घाट पर एकत्र हो गई। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं लग सका था और उनकी तलाश जारी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित