बुलंदशहर , मई 11 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक युवती ने अपने सगे पिता पर दुष्कर्म एवं लंबे समय तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि पीड़िता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची थी, जहां उसने आरोप लगाया कि बाल्यावस्था से करीब पांच वर्षों तक उसके साथ यौन शोषण किया गया। युवती ने ग्राम प्रधान के पति पर भी मदद का भरोसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।

पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर में घटना से संबंधित वीडियो और अन्य साक्ष्य होने का दावा किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला थाना में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित