बुलंदशहर , अगस्त 28 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शुक्रवार तड़के दिल्ली से कानपुर जा रही फजलगंज बस डिपो की बस की डंपर से टक्कर हो गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक देहात अंतरिक्ष कुमार जैन ने बताया कि फजलगंज बस डिपो की बस शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे दिल्ली से कानपुर जा रही थी। खुर्जा तहसील क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिकारपुर कट के पास बस की डंपर संख्या से टक्कर हो गई। दुर्घटना में कुल 24 यात्री घायल हुए।
हादसे के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राधिका (09), पुत्री चंदन, निवासी शती मोहल्ला, इटावा तथा बबली (32), पत्नी नीरज, निवासी नगला सेवा, एटा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, चार घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का कैलाश अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बुलंदशहर कैलाश अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को घायलों के समुचित उपचार और आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित