बुलंदशहर , मई 23 -- ईद-उल-अजहा और गंगा दशहरा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धर्मगुरुओं, वरिष्ठ नागरिकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिला सूचना अधिकारी चांद मियां ने बताया कि जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाज के प्रतिष्ठित लोगों के साथ गोष्ठियां आयोजित कर आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होने ईद-उल-अजहा के अवसर पर सार्वजनिक स्थलों और खुले स्थानों पर कुर्बानी न किए जाने तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुर्बानी के अवशेषों को गहरे गड्ढों में दफनाने तथा तत्काल साफ-सफाई कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने ईद के मौके पर सड़कों पर नमाज अदा न करने के निर्देश देते हुए कहा कि कुर्बानी से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी धार्मिक स्थलों एवं गंगा दशहरा मेले में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश भी दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को केवल निर्धारित घाटों पर ही स्नान कराया जाए और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से गंगा स्नान के लिए आने पर रोक सुनिश्चित की जाए, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने नावों पर क्षमता से अधिक लोगों को सवार न होने देने तथा त्योहारों के दौरान वाहनों पर स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पूर्व में कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न समुदायों द्वारा पुष्पवर्षा कर गंगा-जमुनी तहजीब का परिचय दिया गया था और इसी तरह आगामी त्योहार भी सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए जाएं। उन्होंने गैर परंपरागत कार्यक्रमों और सड़कों पर आयोजनों से बचने तथा संवेदनशील मार्गों पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निकायों को विशेष सफाई अभियान चलाने, पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, नमाज स्थलों एवं गंगा दशहरा मेले में पानी के टैंकर, वैकल्पिक जनरेटर तथा चूना डलवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, गोताखोरों की तैनाती और मेलों को पॉलीथीन मुक्त बनाए जाने के लिए दुकानदारों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने गंगा समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने तथा जनपद में ड्रोन कैमरों से निगरानी रखने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित ढंग से कवर कराने तथा विद्युत लाइनों की नियमित पेट्रोलिंग करने को कहा गया।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस सहित चिकित्सकों को सतर्क रखने, गंगा मेले में स्वास्थ्य शिविर लगाने और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से आगामी त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील करते हुए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित