बुलन्दशहर , अगस्त 5 -- उत्तर प्रदेश में बुलन्दशहर जिले के चोला क्षेत्र में हत्या के मामले में वांछित दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिये गये। उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस तथा दो जीवित कारतूस बरामद किये गये हैं। क्षेत्राधिकारी दीपक कुमार ने बुधवार को बताया कि तीन अगस्त को थाना चोला क्षेत्र में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना चोला में मुकदमा अपराध संख्या 208/2026 के तहत धारा 190, 191(2), 191(3) एवं 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों अनिल और जितेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचे फतेहपुर जादौन रेलवे पुल के नीचे रेलवे लाइन के समीप अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखने की जानकारी दी।
बुधवार को दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हथियारों की बरामदगी के लिए थाना चोला की दो पुलिस टीमें फतेहपुर जादौन रेलवे पुल के पास पहुंचीं। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया और झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखे लोडेड तमंचों से पुलिस दल पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। घायलावस्था में दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अनिल सोलंकी पुत्र थान सिंह तथा जितेश पुत्र गोपाल सिंह, दोनों निवासी ग्राम दाऊदपुर, थाना चोला, जनपद बुलन्दशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि अनिल के विरुद्ध पूर्व से लगभग चार तथा जितेश के विरुद्ध लगभग दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस तथा दो जीवित कारतूस बरामद किये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित