बुलंदशहर , अप्रैल 16 -- बुलंदशहर जिले के थाना जहांगीराबाद क्षेत्र में बीती रात पुलिस और स्वाट टीम देहात की संयुक्त कार्रवाई में गौ तस्करों के साथ हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि 15/16 अप्रैल की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि नवीनगर के जंगलों में कुछ संदिग्ध व्यक्ति गौकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना जहांगीराबाद पुलिस और स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर कॉम्बिंग अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार, संदिग्धों को घेरने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशकीन पुत्र नवाब, निवासी ग्राम बदरखां, थाना जहांगीराबाद के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक जिंदा गौवंश, गौकशी के उपकरण, एक .315 बोर तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का गौ तस्कर है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गोवध अधिनियम, आयुध अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के ग्राम साखनी के जंगल में हुई गौकशी की घटना में भी वांछित चल रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित