बुलन्दशहर , जून 29 -- उत्तर प्रदेश के बुलन्दशहर जिले में खुर्जा नगर थाना पुलिस ने लूट के एक मामले में वांछित दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

क्षेत्राधिकार खुर्जा ने सोमवार को बताया कि रविवार देर रात वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खुर्जा नगर पुलिस मुंडाखेड़ा नहर के निकट संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया जिस पर मोटरसाइकिल सवार भागने का प्रयास करने लगे।

पुलिस ने पीछा कर दोनों की घेराबंदी की, जिस पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोलीबारी की। पुलिस की आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी में एक बदमाश घायल हो गया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित पुत्र कृष्ण पाल तथा कपिल पुत्र कृष्ण कुमार, दोनों निवासी ग्राम सेमड़ा, थाना खुर्जा देहात, बुलन्दशहर के रहने वाले हैं। घायल रोहित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस एवं दो चले हुये कारतूस के खोखे, लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल (यूपी-16 ईडब्ल्यू-4308) तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शातिर लुटेरे हैं और उन्होंने 25 जून को खुर्जा नगर क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिल लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना खुर्जा नगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) एवं 317(2) के तहत मामला दर्ज है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत थी। पुलिस अभिलेखों के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित