बुलंदशहर , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव में बुधवार को पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में आठ लोगों को हिरासत में लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि गोलीबारी में अजब सिंह और सोनू की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए जिन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना की शुरुआत तीन हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद से हुई। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कई राउंड फायरिंग हुई।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस महानिदेशक (मेरठ जोन) भानु भास्कर तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक (मेरठ रेंज) कलानिधि नैथानी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को हिरासत में लिया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, कारतूस तथा एक वाहन बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित