बुलंदशहर , सितंबर 19 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को बदरपुर से भरा डंपर झोपड़ी पर पलट गया, जिसके नीचे दबकर आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अंतरिक्ष कुमार जैन ने बताया कि कस्बा अनूपशहर के नेहरूगंज क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के लिए बदरपुर लेकर जा रहा डंपर पलटकर झोपड़ी पर जा गिरा। हादसे में झोपड़ी में मौजूद मनीष (8) पुत्र अर्जुन दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने डंपर चालक को झोपड़ी के पास वाहन खड़ा करने से मना किया था, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं मानी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से डंपर को हटाकर बच्चे के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित