बुलंदशहर , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में अरनिया क्षेत्र में मंगलवार को अलीगढ़ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने खेत से काम कर लौट रही दो महिलाओं और एक बालिका को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाओं की मौत हो गई, जबकि बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना में कार चालक भी घायल हुआ है। पुलिस क्षेत्राधिकारी शोभित कुमार ने बताया कि बुलंदशहर से अलीगढ़ जा रही आल्टो कार ने अरनिया क्षेत्र में सड़क किनारे जा रही दो महिलाओं और बालिका को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाओं की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल बालिका को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना में कार चालक भी घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित