बुलंदशहर , जुलाई 20 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले की खुर्जा नगर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके पांच शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी की नौ मोटरसाइकिलें, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक चाकू बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंतरिक्ष कुमार जैन ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खुर्जा नगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरके फार्म हाउस के पास से अनिल, प्रमोद, सलीम, असलम और पवन को चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर सात अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बुलंदशहर, अलीगढ़, गाजियाबाद तथा आसपास के जिलों में स्कूलों, कॉलेजों और बारातघरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को चोरी कर कम कीमत पर बेच देते थे। पुलिस ने बरामद सात मोटरसाइकिलों की पहचान संबंधित चोरी के मुकदमों से कर ली है, जबकि शेष दो वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलें खुर्जा नगर, कोतवाली नगर, अरनिया, अलीगढ़ के सासनी गेट तथा गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। इन मामलों में संबंधित थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी (ग्रामीण) ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अनिल के विरुद्ध वाहन चोरी, गैंगस्टर सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में 37 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा प्रमोद के खिलाफ 10, पवन के विरुद्ध नौ तथा असलम एवं सलीम के खिलाफ आठ-आठ मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गिरोह के अन्य सदस्यों तथा चोरी के वाहनों के नेटवर्क के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित