बुलंदशहर , अक्टूबर 11 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने कमीशन के लालच में बैंक खाते साइबर ठगों को देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, एक आरोपी के बैंक खाते में सात राज्यों से संबंधित सात साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं और खाते के माध्यम से करीब दो करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखपाल और अनिल कुमार के रूप में की है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए गएपुलिस अधीक्षक (एसपी-अपराध) नरेश कुमार ने बताया कि सुखपाल का बैंक ऑफ इंडिया की सिकंदराबाद शाखा में खाता है। आरोपी ने गंगा एक्सप्रेस-वे पर मजदूरी के दौरान अनिल कुमार के कहने पर कथित तौर पर 95 हजार रुपये में अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। खाते से करीब दो करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का मामला सामने आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित