बुलंदशहर , जून 11 -- उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद कस्बे में एक ओयो होटल के कमरे में युवती का शव मिला है जबकि युवक अचेत अवस्था में पाया गया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिकंदराबाद भास्कर मिश्रा ने बताया कि कोतवाली सिकंदराबाद क्षेत्र के जाट चौक के निकट स्थित एक ओयो होटल में बुधवार देर शाम युवक और युवती द्वारा विषाक्त पदार्थ सेवन किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और होटल के कमरे की जांच की। जांच के दौरान एक युवती बिस्तर पर मृत अवस्था में मिली, जबकि उसके साथ मौजूद युवक अचेत अवस्था में पाया गया। पुलिस ने कमरे से विषाक्त पदार्थ की एक शीशी भी बरामद की है।

सीओ के अनुसार, दोनों की पहचान नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के निवासियों के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में विषाक्त पदार्थ सेवन किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और युवक के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित