मुरैना , मई 06 -- मध्यप्रदेश के मुरैना स्थित सर्राफा बाजार में एक महिला ने पहचान छुपाने के लिए बुर्के की आड़ लेकर एक ज्वेलर्स की दुकान से लगभग बीस ग्राम सोने के गहने चोरी कर लिए। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार को बुर्का पहने और आंखों पर काला चश्मा लगाए एक महिला सर्राफा बाजार स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान पर गहने खरीदने के बहाने पहुंची। उसने दुकानदार से विभिन्न डिजाइनों के गहने दिखाने को कहा। कुछ देर तक गहने देखने के बाद वह बिना खरीदारी किए वहां से चली गई।

दुकानदार ने बाद में गहनों की गिनती की तो करीब बीस ग्राम सोने के गहने गायब पाए गए। संदेह होने पर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई, जिसमें महिला बड़ी सफाई से गहनों को अपने पर्स में छुपाती नजर आई।

इसके बाद दुकानदार ने फुटेज के आधार पर कोतवाली थाने में महिला के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने में जुटी है और उसे शीघ्र गिरफ्तार करने की बात कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित