बुरहानपुर , सितंबर 09 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर शहर में अवैध एवं अमानक पॉलीथिन के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए आलमगंज स्थित योगेश पैकेजिंग फैक्ट्री से 680 किलोग्राम अमानक पॉलीथिन जब्त की और संचालक पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
नगर निगम की सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बुधवार दोपहर फैक्ट्री पर कार्रवाई की। जांच के दौरान 50 माइक्रोन से कम मोटाई वाली पॉलीथिन मिली, जिसे निगम की टीम ने जब्त कर लिया।
नगर निगम के अनुसार शहर में लंबे समय से अवैध एवं अमानक पॉलीथिन की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के तहत निगम द्वारा कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा, सेक्टर अधिकारी एवं उप स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल, सेक्टर अधिकारी विजय रायसरदार सहित निगम कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित