बुरहानपुर , अक्टूबर 15 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में गुरुवार को भाजपा नेता गजेंद्र दिनकर पाटिल के नेतृत्व में 151 मीटर लंबी चुनरी यात्रा निकाली गई। गणपति नवदुर्गा मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा 23 किलोमीटर का सफर तय कर इच्छापुर पहुंची। यात्रा में खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, नेपानगर विधायक मंजू दादू, महापौर माधुरी पटेल और संत दादा गुरु सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यह आयोजन का 12वां वर्ष था।

यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। इस बार 25 फीट ऊंचे महादेव और नंदी महाराज, आठ फीट के उड़ते हनुमान और आठ फीट के भगवान नरसिंह के जीवंत स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे। महाराष्ट्र की पंढरपुर वारकरी मंडली, 51 ध्वजों के साथ विघ्नहर्ता पुरी ढोल पथक और अमलनेर का श्रीकृष्ण बैंड भी यात्रा में शामिल हुआ।

संत दादा गुरु पहली बार बुरहानपुर पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, वह 2,100 दिनों की महाव्रत साधना कर रहे हैं और केवल नर्मदा जल ग्रहण करते हैं। उन्होंने नर्मदा की 3,200 किलोमीटर लंबी परिक्रमा तीन बार पूरी की है।

सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि चुनरी यात्रा हर वर्ष क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना से निकाली जाती है। आयोजक गजेंद्र पाटिल ने आयोजन को भव्य बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित