बुरहानपुर , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में अगस्त माह में बारिश के लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को लोगों को तेज गर्मी और उमस से राहत मिली। जिले में सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है।
जिले में बारिश नहीं होने के कारण पिछले चार दिनों से अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से गर्मी और उमस बढ़ गई थी। मंगलवार सुबह हुई बारिश से लोगों को राहत मिली। बुरहानपुर जिले में इस वर्ष अब तक 23 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार मानसून के इस सीजन में अब तक 23.29 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 48 प्रतिशत अधिक है।
बुरहानपुर में अब तक सामान्य वर्षा का 71 प्रतिशत पानी बरस चुका है। जिले में बुरहानपुर में 628.5 मिलीमीटर, नेपानगर में 735.4 मिलीमीटर, खकनार में 343.4 मिलीमीटर और धुलकोट में 622.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित