भोपाल , फरवरी 25 -- राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के अशोका होटल में आयोजित बिल्ड इंडिया इंफ्रा अवॉर्ड्स 2026 समारोह में मध्यप्रदेश नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी की बुरहानपुर जल प्रदाय परियोजना को प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। यह पुरस्कार सोशल इंपैक्ट एक्सीलेंस ऑफ द ईयर श्रेणी में दिया गया।
यह परियोजना मध्य प्रदेश के बुरहानपुर शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित की गई है और विश्व बैंक के सहयोग से विकसित प्रमुख शहरी अवसंरचना योजनाओं में शामिल है।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की विशेष उपस्थिति में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटील ने यह पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंदा सोनोवाल, केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाईक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कम्पनी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे एवं अतिरिक्त प्रबंध संचालक दिव्यांक सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। कम्पनी की ओर से मुख्य अभियंता शैलेन्द्र शुक्ला और तकनीकी अधिकारी कमलेश भटनागर ने सम्मान ग्रहण किया।
परियोजना के अंतर्गत एनीकट, इंटेकवेल तथा 50 एमएलडी क्षमता का आधुनिक जल शोधन संयंत्र स्थापित किया गया है। संयंत्र में जल को फिल्ट्रेशन, क्लोरीनेशन सहित वैज्ञानिक प्रक्रियाओं से शुद्ध कर स्काडा प्रणाली के माध्यम से गुणवत्ता और आपूर्ति की सतत निगरानी की जाती है। जल गुणवत्ता की दैनिक जांच के लिए उच्च स्तरीय परीक्षण प्रयोगशाला भी स्थापित की गई है।
शुद्ध जल आपूर्ति के लिए आठ नए ओवरहेड टैंक तथा सुदृढ़ पाइप नेटवर्क विकसित किया गया है। लगभग 41 हजार घरों में मीटरयुक्त नल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं, जिससे लीकेज और अपव्यय में कमी आई है। वर्तमान में नगरवासियों को प्रति व्यक्ति लगभग 135 लीटर शुद्ध पेयजल प्रतिदिन उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्य अभियंता शैलेन्द्र शुक्ला ने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से दीर्घकालिक जल उपलब्धता, सुदृढ़ वितरण प्रणाली और नियमित स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। आधुनिक तकनीक और प्रभावी क्रियान्वयन के कारण इस योजना को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित