पटना, अप्रैल 13 -- समाज कल्याण विभाग की सचिव श्रीमती बन्दना प्रेयषी के मार्गदर्शन में राज्य के सभी 101 अनुमंडलों में स्थित बुनियाद केंद्रों के माध्यम से निःशुल्क नेत्र जांच का विशेष अभियान व्यापक स्तर पर प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।
यह पहल समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत राज्य के विभिन्न बुनियाद केंद्रों पर नियमित रूप से नेत्र जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां विशेषज्ञों द्वारा लाभार्थियों की जांच कर उन्हें चश्मा दिए जाने के लिये अनुशंसित किया जा रहा है। राज्य स्वास्थ्य समिति के अंतर्गत सूचीबद्ध एजेंसी की ओर से नेत्र जांच के बाद 15 दिनों के भीतर चश्मा उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान है, जिसके बाद लाभार्थियों को चश्मा का वितरण किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से न केवल दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान हो रही है, बल्कि समय रहते उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।अब तक इस अभियान के अंतर्गत कुल 46,102 लाभार्थियों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया जा चुका है, जो विभाग की जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
यह अभियान अब पांच मई 2026 तक जारी रहेगा, जिसके अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिये सभी जिलों को विशेष सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिया गये हैं।
श्रीमती बन्दना प्रेयषी ने कहा,बुनियाद केंद्रों के माध्यम से संचालित यह अभियान समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि 46 हजार से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच बनाना विभाग की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। विभाग का प्रयास है कि पांच मई तक इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए अधिक से अधिक जरूरतमंद व्यक्तियों तक इसका लाभ पहुंचाया जाए।
श्रीमती प्रेयषी ने सभी जिलों के पदाधिकारियों को निर्देश दिये कि अभियान के अंतिम चरण में विशेष सक्रियता के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें इस सुविधा से लाभान्वित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित