सीहोर , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश में सीहोर जिले के बुधनी नगर में छेघरा स्थित ट्राइडेंट फैक्ट्री के समीप मंगलवार शाम ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मृत्यु हो गई। पुलिस ने ट्रक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पाताल खो निवासी अंकित मीना (19) और राजा कीर (18) मोटरसाइकिल से बुधनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल, बुधनी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार बुधनी ओवरब्रिज से नर्मदा पुल तक का मार्ग भारी वाहनों की आवाजाही के कारण अत्यधिक व्यस्त रहता है। इस मार्ग पर पूर्व में भी कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके चलते यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार चिंता जताई जाती रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित