पटना , सितंबर 11 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि राजधानी पटना के बुद्ध मार्ग स्थित टेक्स्ट बुक कार्यालय परिसर में बहुमंजिला विद्या भवन का निर्माण कराया जाएगा और भविष्य में शिक्षा विभाग की सभी गतिविधियां इसी भवन से संचालित होंगी।

श्री तिवारी ने आज शाम के समय टेक्स्ट बुक सभागार में आयोजित बैठक में भवन निर्माण के साथ-साथ विभागीय योजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी।

शिक्षा मंत्री ने इस दौरान कहा कि प्रस्तावित विद्या भवन की डिजाइन और सुविधाओं को शिक्षा विभाग की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। भवन के निर्माण में उच्च गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

बैठक में प्रस्तावित भवन में आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था, निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं तथा आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गयी। निर्माण से पहले आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

श्री तिवारी ने टेक्स्ट बुक के कार्यों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक मानव बल बढ़ाने के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने समग्र शिक्षा योजना के तहत कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए पाठ्य पुस्तकों के प्रकाशन और विद्यालयों में उनकी आपूर्ति की अद्यतन स्थिति की भी जानकारी ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित