कुशीनगर , अप्रैल 30 -- त्रिविधि पावनी बुद्ध जयंती समारोह में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। वहीं म्यांमार के राजदूत ऊ जो ऊ विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (अवध क्षेत्र) तथा लखीमपुर जिला प्रभारी बासुदेव मौर्य ने बुद्ध स्थली स्थित म्यांमार मंदिर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने बताया कि समारोह में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क कर आमंत्रण दिया जा रहा है।

श्री मौर्य ने कहा कि बुद्ध जयंती बौद्ध धर्मानुयायियों के लिए अत्यंत पवित्र पर्व है, जो भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व के अनेक देश संघर्ष और हथियारों की होड़ में लगे हैं, ऐसे में बुद्ध की पुण्य भूमि से शांति, करुणा और मैत्री का संदेश पूरे विश्व में जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक विश्व में शांति नहीं होगी, तब तक विकास और खुशहाली संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि बुद्ध द्वारा स्थापित मानवीय और नैतिक मूल्यों की परंपरा आज भी प्रासंगिक है और इनके संरक्षण से ही प्रकृति और मानवता की रक्षा संभव है। इस अवसर पर भंते डॉ. नंद रतन ने बताया कि बुद्ध जयंती के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा धम्म ध्वज दिखाकर किया जाएगा। कार्यक्रम में भिक्षु संघ के कोषाध्यक्ष भंते अशोक, भंते उपाली, राम नगिना, टी.के. राय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित