भरतपुर , जून 18 -- राजस्थान में डीग जिले में चर्चित 'बुढ़ली मामले' को लेकर गुरुवार को सर्व समाज के हजारों लोगों ने सड़कों पर उतरकर शक्ति प्रदर्शन किया।

हालांकि इस जनसैलाब के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद पुलिस एवं प्रशासन ने चैन की साँंस ली। इस दौरान आंदोलनकारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सिर्फ दो दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि उनकी मांगों को अनसुना किया गया तो वे कलेक्ट्रेट का घेराव करके डीग को जाम कर देंगे।

सोमवार देर रात कथित अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े एक आरोपी को पकड़ने गयी थाना सीकरी पुलिस पर आरोपी के घर मे तोड़फोड़ करके लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाने के साथ महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने का आरोप है।

दूसरी तरफ इस दौरान हिरासत में लिए गए आरोपी को पुलिस से छुड़ाकर सहायक उपनिरीक्षक सहित पांच पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया गया जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पूर्व बुढ़ली प्रकरण को लेकर क्षेत्र में बढ़ते आक्रोश के बीच पूर्व विधायक राजेंद्र गुढ़ा, पूर्व विधायक वाजिब अली, पूर्व शिक्षा मंत्री जाहिदा खान एवं डीग कांग्रेस महिला अध्यक्ष श्वेता यादव के नेतृत्व में हजारों ग्रामीण गुरुवार को पीड़ित परिवार के घर पर एकत्रित हुए। यहां से सर्व समाज के बैनर तले पैदल मार्च शुरू हुआ, जो सीकरी के भगत सिंह चौक तक पहुंचा।

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की और न्याय की मांग उठाई। भगत सिंह चौक पर भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। यहां पहुंचकर प्रदर्शनकारी रुक गए और नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गर्म रहा, हालांकि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजेंद्र गुढ़ा ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।

बुढ़ली मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव लगातार बना हुआ है। सर्व समाज के इस बड़े शक्ति प्रदर्शन के बाद अब सभी की नजरें प्रशासन एवं आंदोलनकारियों के बीच होने वाली संभावित वार्ता पर टिकी हुई हैं। अगले दो दिनों में अगर कोई समाधान नहीं निकलता है, तो डीग जिला मुख्यालय पर बड़े स्तर के आंदोलन और बेमियादी धरने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित