प्रयागराज , जून 15 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मुहर्रम को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। ऐतिहासिक बुड्ढा ताजिया इस वर्ष भी अपनी पूरी शानो-शौकत के साथ उठेगा तथा परंपरा के अनुसार उसकी मेहंदी भी निकाली जाएगी। यह निर्णय बुड्ढा ताजिया कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने बुड्ढा ताजिया और मेहंदी के आयोजन का समर्थन किया। वहीं, बड़ा ताजिया मुहर्रम कमेटी ने इस वर्ष बड़ा ताजिया और उससे संबंधित आलम न उठाने का फैसला किया है। कमेटी के निर्णय के अनुसार इस बार केवल इमामबाड़े में फातेहा का आयोजन किया जाएगा तथा मुहर्रम की दसवीं तारीख को ताजिया का फूल दफन किया जाएगा।
मुहर्रम के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस आयुक्त सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि सभी ताजियादारों के साथ बैठक कर उन्हें शासन की गाइडलाइन से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने जुलूसों के दौरान सड़कों पर तलवार, भाला, लाठी-डंडों सहित किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित हथियारों के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और भड़काऊ अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि जिन मार्गों से मुहर्रम के जुलूस पारंपरिक रूप से निकाले जाते रहे हैं, उन्हीं निर्धारित मार्गों का उपयोग किया जाएगा तथा नए मार्गों या नई परंपराओं की अनुमति नहीं होगी। जुलूसों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुहर्रम के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने और आतिशबाजी करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ध्वनि प्रदूषण के संबंध में उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन के अनुसार मुहर्रम के जुलूसों एवं संवेदनशील स्थलों की निगरानी ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी कैमरों और वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से की जाएगी, ताकि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित