पौड़ी गढवाल , मार्च 24 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल के कोटद्वार पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण एक बुजुर्ग महिला को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया मंगलवार को ड्यूटी के दौरान कांस्टेबल विनीत फारसी को ग्रस्तनगंज पुल के पास एक वृद्ध महिला लावारिस हालत में भटकती हुई दिखाई दी। महिला डरी-सहमी प्रतीत हो रही थी और पूछताछ में उसने घर जाने की इच्छा तो जताई, लेकिन अपना सही पता नहीं बता सकी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मी ने तत्काल महिला को रेस्क्यू कर सुरक्षित कोतवाली कोटद्वार पहुंचाया। इसके बाद पुलिस टीम ने महिला की पहचान और परिजनों का पता लगाने के लिए प्रयास शुरू किए।

काफी खोजबीन के बाद महिला की पहचान वीरा देवी निवासी रतनपुर, कोटद्वार के रूप में हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनके परिजनों से संपर्क साधा और महिला के सुरक्षित होने की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही महिला का परिवार कोतवाली पहुंचा, जहां आवश्यक औपचारिकताओं के बाद बुजुर्ग महिला को उनके पुत्र प्रवीन रावत के सुपुर्द कर दिया गया।

अपनों से मिलकर महिला ने राहत की सांस ली, वहीं परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी कोटद्वार पुलिस की इस मानवीय कार्यशैली की सराहना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित