अलवर , अप्रैल 22 -- राजस्थान में अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाश में घर में सो रही 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अगुवा कर ले गये और लाखों रुपये की जेवरात लूटकर उसे बेहोशी की हालत में छोड़ कर भाग गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिपुरा स्थित रेबारी मोहल्ले में मंगलवार रात करीब एक बजे कार में आये बदमाशों ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसे कंबल में लपेटकर कार में लेकर फरार हो गए। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। जैसे ही बुजुर्ग की बहू तारा देवी की नींद खुली, उसने शोर मचाया।

घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद भी आरोपियों की तलाश में निकल पड़े। देर रात तक पुलिस और ग्रामीणों द्वारा बदमाशों की तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

सूत्रों ने बताया कि बाद में गांव से करीब 16 किलोमीटर दूर तालवृक्ष क्षेत्र में एक नाले के पास बुजुर्ग महिला बेहोशी की हालत में मिली। इसके बाद परिजन और पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

सूत्रों ने बताया कि पीड़ित महिला तुलसा देवी (69) के साथ लूटपाट की भी घटना सामने आई है। बदमाश उनके पैरों से करीब सवा किलो चांदी के कड़े, चांदी की चैन, करीब साढ़े तीन तोला सोने के जेवर और कुछ अन्य आभूषण लूटकर ले गए। इसके अलावा आरोपी उनके पास रखे करीब पांच हजार रुपये भी लेकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित